Maharajganj News : NH-24 निर्माण बना आफत! पुल हटते ही गांव में घुसा पानी, ठप हुआ आवागमन

    20-Jul-2026
Total Views |

इबरार अहमद खान

महराजगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (NH-24) के चौड़ीकरण कार्य के दौरान ग्राम सोनबरसा पुरंदरपुर में पुराना पुल तोड़े जाने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य कर रही पीएनसी कंपनी ने पुराने पुल को तो तोड़ दिया, लेकिन उसी स्थान पर नए पुल का निर्माण शुरू नहीं कराया। इसके चलते बरसात का पानी गांव में भरने लगा है और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुल हटने के बाद से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है। उसपर लगातार हो रही बारिश के चलते गांव की गलियों और मुख्य मार्गों पर जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सम्बन्ध में कई बार सम्बंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर ध्यान दे रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि पुल का निर्माण कराया जाए जिससे इस समस्या से निजात पाया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण पीएनसी कंपनी और प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।