Maharajganj News : खोया मोबाइल मिला वापस! महराजगंज पुलिस ने 110 चेहरों पर लौटाई मुस्कान

    21-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज, आपन महराजगंज।
महराजगंज पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग का प्रभावी उदाहरण पेश करते हुए 110 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, पिछले चार महीनों में अब तक कुल 417 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये है।

IMEI ट्रैकिंग से खोजे गए मोबाइल
सर्विलांस टीम ने IMEI ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और अन्य आधुनिक संसाधनों का उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन खोज निकाले। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 जुलाई 2026 को सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कर मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक का आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस सेल की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग वर्तमान समय की आवश्यकता है और CEIR पोर्टल जैसे प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं और नजदीकी थाना या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।