Rani Lakshmibai Scooty Yojana : छात्राओं के लिए गिफ्ट! सरकार देगी स्कूटी के साथ पेट्रोल और हेलमेट भी, जानिए कौन उठा सकेगा लाभ
21-Jul-2026
Total Views |
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश की मेधावी छात्राओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' को मंजूरी दे दी गई है। इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में प्रदेश के सभी प्रकार के कॉलेजों की स्नातक अंतिम वर्ष की टॉप-5 प्रतिशत छात्राओं को मुफ्त पेट्रोल चालित स्कूटी प्रदान की जाएगी।
योगी सरकार हर कॉलेज में 2025 -26 में पास टॉप 5% छात्राओं को स्कूटी देगी। बता दें कि कैबिनेट की बैठक में 16 प्रस्तावों पर मुहर लगी है, जिसमें रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना भी शामिल है। छात्राओं को पट्रोल से चलने वाली स्कूटी का वितरण किया जाएगा। इस योजना के तहत दिव्यांग, शहीद, निराश्रित परिवार की छात्राओं को प्रथमिकता दी जाएगी।
सरकार के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए छात्रा के अभिभावकों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होना जरूरी है। वहीं दिव्यांग, शहीद और निराश्रित परिवारों की छात्राओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इन श्रेणियों की छात्राओं के लिए केवल स्नातक उत्तीर्ण होना ही पर्याप्त होगा।
सरकार स्कूटी के साथ रजिस्ट्रेशन शुल्क, बीमा, आईएसआई प्रमाणित हेलमेट, आवश्यक एक्सेसरीज़ और पांच लीटर पेट्रोल भी उपलब्ध कराएगी। स्कूटियों की खरीद गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
कैबिनेट बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गयी। इनमे विश्वविद्यालयों में शोध पीठ की स्थापना और महिला छात्रावासों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से छात्राओं को उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं नए एक्सप्रेसवे प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश और क्षेत्रीय संपर्क को नई गति देंगे। साथ ही विधानसभा का आगामी सत्र 3 से 6 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।