Maharajganj News : नेपाल से आए पानी ने डुबोई किसानों की उम्मीदें! धान की फसल जलमग्न
22-Jul-2026
Total Views |
ठूठीबारी। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों और भारतीय सीमा में पिछले एक सप्ताह से हो रही लगातार बारिश ने सीमावर्ती गांवों के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। नेपाल से आने वाले नालों में पानी बढ़ने से राजाबारी और पड़ियाताल का सिवान पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे खेतों में रोपी गई धान की फसल डूब गई है, जिससे किसानों को धान की फसल खराब होने का डर सता रहा है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल नवलपरासी जिले के बैरवां से गेरमी होते हुए पड़ियाताल और कुसुमा से मुडेरवां होते पड़ियाताल दोनों नाला भारतीय सीमा क्षेत्र में बहते हैं। भारतीय सीमा क्षेत्र में बहने वाले नाले का अस्तर ऊंचा होने की वजह से नाले का पानी नहीं निकल पाता है। पानी का दबाव बढ़ने पर नाला उफान पर आ जाता है। पड़ियाताल व राजाबारी गांव के सिवान में किसानों की धान के फसल को नष्ट कर देता है।
ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि हर वर्ष यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्राम प्रधान ऋषिकेश यादव सहित क्षेत्र के कई किसानों ने बताया कि यदि नालों की गहराई और चौड़ाई बढ़ा दी जाए तो पानी आसानी से निकल जाएगा और खेती को नुकसान से बचाया जा सकेगा।
वही फसल डूबने से क्षेत्र के किसान चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि धान की फसल इस समय वृद्धि एवं विकास के महत्वपूर्ण चरण में है। यदि खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहा तो फसल गल जाएगा। इस संबंध में नौतनवां तहसीलदार कर्ण सिंह ने बताया कि जलमग्न सिवान का निरीक्षण कर किसानों के हित में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।