Maharajganj News : बरसात में नरक बनी यहाँ की सड़क ! संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा
23-Jul-2026
Total Views |
भिटौली। विकासखंड सिसवा के गोपाला गांव में मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ जमा हो गया है, जिससे पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है।
इसको लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान से कुछ दूरी पर 10 जनवरी 2025 की शाम सड़क पर फैले पानी के किनारे से गुजर रहे सीताराम उर्फ मोछू साहनी को एक बाइक ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मोछू साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अगले दिन ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगाया था। उस समय प्रशासन ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन महीनों बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।