Maharajganj News : गोरखपुर से आती थीं महिलाएं, महराजगंज में करती थीं जेवर चोरी; पुलिस ने खोला राज

    24-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। बृजमनगंज क्षेत्र में आभूषण चोरी की घटना का खुलासा करते हुए महराजगंज पुलिस ने अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह की पांच महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी से जुड़े सामान, नकदी और वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।

गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर आभूषण की दुकानों में प्रवेश करती थीं और दुकानदार को बातों में उलझाकर कीमती जेवर लेकर फरार हो जाती थीं।

गैंग का खुलासा करते हुए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि विगत 17 जुलाई को कोल्हुई के ग्राम बड़हरा इंद्रदत्त निवासी नूर मोहम्मद ने बृजमनगंज पुलिस को तहरीर देकर दुकान से आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व गांडीव पोर्टल की सहायता से संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपित के रूप में मंजू नामक महिला की पहचान हुई, जो पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुकी है। उससे पूछताछ के आधार पर गिरोह की अन्य महिला सदस्यों व घटना में शामिल आटो चालक की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी रिश्तेदार हैं और योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग जिलों के भीड़भाड़ वाले बाजारों में वारदात को अंजाम देते थे। कुछ महिलाएं दुकानदार को खरीदारी के बहाने व्यस्त रखती थीं, जबकि अन्य सदस्य मौका मिलते ही जेवर चोरी कर लेते थे। घटना के बाद सभी अलग-अलग निकल जाते थे।

यह गिरोह हमेशा एक ही आटो वाहन को रिजर्व कर घटनास्थल तक आता-जाता था, जिससे किसी अन्य के संपर्क में न आना पड़े। चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए ये महिलाएं कुछ दिनों के लिए धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर निकल जाती थीं।

पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए सोने के आभूषणों को पहचान मिटाने के लिए तुरंत गलाकर पीली धातु की टिकिया बना दी जाती थी। आरोपियों के कब्जे से 5.57 ग्राम की पीली धातु की टिकिया, एक ऑटो, चार मोबाइल फोन और ₹12,580 नकद बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मंजू पत्नी विजय बहादुर, सरिता पत्नी रामभवन, सोना पत्नी छोटेलाल, कुंती पत्नी जत्तन, मंजू पत्नी राजेश (सभी निवासी गोरखपुर) तथा ऑटो चालक इंदल शामिल हैं। इनमें से मंजू पत्नी विजय बहादुर के खिलाफ नौतनवा, राजघाट व गुलरिहा थाने में पहले से केस दर्ज है।

इस गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम में एसओ मदन मोहन मिश्रा, एसआई गजेन्द्र प्रताप सिंह, एसआई निरंजन राय, एसआई अर्चना यादव, प्रिया वर्मा, कांस्टेबिल राहुल तिवारी, अरविन्द खरवार, अस्मिता पांडेय व खुशबू शामिल रहीं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।