Maharajganj News : स्तन कैंसर पर जागरूकता अभियान, विशेषज्ञों ने बताए शुरुआती लक्षण और बचाव

    24-Jul-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। विकासखंड सिसवा स्थित चोखराज तुलस्यान किड्स वैली स्कूल में शुक्रवार को इलमेज़ा फाउंडेशन की ओर से 'स्वास्थ्य पहल' अभियान के अंतर्गत क्षेत्रीय स्तन कैंसर जागरूकता एवं सामुदायिक स्वास्थ्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक कर समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना था।

मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर पहचान से स्तन कैंसर का सफल उपचार संभव है। वहीं इलमेज़ा फाउंडेशन की उत्तर प्रदेश समन्वयक डॉ. अनीता सिंह ने महिलाओं को स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव और आधुनिक उपचार की जानकारी देते हुए किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

कार्यक्रम में सीएचसी सिसवा प्रभारी डॉ. ईश्वर चंद्र विद्यासागर, एसआई रत्नेश कुमार मौर्य, एंटी रोमियो प्रभारी लकी पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन एवं चोखराज तुलस्यान इंटर कॉलेज के उपप्रबंधक प्रदीप तुलस्यान ने अतिथियों का स्वागत कर की। इस दौरान विद्यालय प्रबंधक रामदेव तुलस्यान, प्रधानाचार्या मोनिका जायसवाल तथा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य निरंकार सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्तन कैंसर के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।