Maharajganj News : नौतनवा में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई !13 लाख के तस्करी के जूते-चप्पल बरामद

    25-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौतनवा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीमा पार नेपाल भेजने के उद्देश्य से रखे गए लगभग ₹13 लाख मूल्य के जूते-चप्पल जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में 24 जुलाई 2026 को थाना नौतनवा पुलिस ने कस्बा नौतनवा के वार्ड संख्या-09 स्थित उस्मान नगर में एक मकान पर छापेमारी की।


कार्रवाई के दौरान 17 गठ्ठरों में पैक जूते एवं चप्पल बरामद किए गए, जिन्हें नेपाल तस्करी के लिए रखा गया था। बरामद माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹13 लाख बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में राजेन्द्र शर्मा (56 वर्ष), निवासी वार्ड संख्या-09, उस्मान नगर, थाना नौतनवा के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय कुमार,उपनिरीक्षक रोहित यादव,महिला उपनिरीक्षक अनामिका चौहान सहित थाना नौतनवा पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।