परतावल। विकासखंड परतावल के कंपोजिट विद्यालय कुड़वा उर्फ मुड़कटिया में तैनात सहायक अध्यापक दिनेश चंद्र विश्वकर्मा पर सरकारी अभिलेखों में कथित हेरफेर के आरोप लगे हैं। मामले को गंभीर मानते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सुरजीत कुमार सिंह ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में जवाब न मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी परतावल की 29 जून की आख्या में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोलई प्रसाद ने प्राथमिक अनुभाग में छात्र संख्या 122 के स्थान पर वास्तविक संख्या 108 दर्ज किए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि बीईओ ने उस पत्र पर केवल अग्रसारित लिखकर हस्ताक्षर किए थे लेकिन कार्यालय में प्रस्तुत किए जाने से पहले उसमें संस्तुति सहित शब्द जोड़ दिया गया।
आरोप है कि सहायक अध्यापक सुभाषचन्द्र विश्वकर्मा, जिन्हें दिनेश चन्द्र विश्वकर्मा का सहोदर भाई बताया गया है के समायोजन सूची में दिव्यांगता संबंधी प्रार्थना पत्र में भी अग्रसारित शब्द से पहले संस्तुति सहित जोड़कर उसे बीएसए कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। नोटिस में कहा गया है कि बीईओ परतावल ने इस मामले में पहले भी शिक्षक से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था लेकिन कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।