Maharajganj News : टूटी टोटियां, बंद स्टैंड पोस्ट... सिसवा स्टेशन की बदहाल पेयजल व्यवस्था
25-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। सिसवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पिछले करीब एक माह से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लगे अधिकांश स्टैंड पोस्ट (पानी के नल) बंद पड़े हैं, जबकि कई जगहों पर टोटियां टूटी हुई हैं।
नियमित साफ-सफाई के अभाव में नलों के आसपास काई और गंदगी जमा हो गई है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बीच स्टेशन पर पीने के पानी की सुविधा ठप होने से उन्हें मजबूरी में बाहर से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्टेशन परिसर में लगे कई स्टैंड पोस्ट लंबे समय से खराब हैं, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं, जहां टोटियां लगी भी हैं, वहां गंदगी और काई जमा होने से उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से पेयजल व्यवस्था जल्द बहाल करने और खराब स्टैंड पोस्टों की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक सुनील कुशवाहा ने बताया कि स्टैंप पोस्टों की नियमित साफ-सफाई कराई जाती है। उन्होंने स्वीकार किया कि तकनीकी खराबी के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई है, जिसे शीघ्र दुरुस्त कर पेयजल व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।