महराजगंज। नौतनवा-ठूठीबारी मार्ग स्थित नवीन मंडी स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर बुधवार सुबह अवैध रूप से लगने वाले सब्जी बाजार ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी। सड़क पर सब्जियों की बिक्री के कारण करीब दो घंटे तक भीषण जाम लगा रहा, जिससे एंबुलेंस, स्कूली वाहन, राहगीर और अन्य वाहन चालक घंटों फंसे रहे।
इससे परेशान स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी परिसर के अंदर सब्जी बेचने की पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विक्रेता सड़क किनारे ठेले लगाकर और जमीन पर सब्जियां सजाकर बिक्री करते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और हर दिन सुबह इसी तरह का जाम लगता है।
अंशुमान पांडेय, कृष्ण लाल, हरिराम जायसवाल, अजीत, सुनील अग्रहरि, विकास गौतम और अंकित यादव समेत कई स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस समस्या से रोजाना स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है, जबकि मरीजों को लेकर जाने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं।
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मंडी परिसर के अंदर ही सब्जी बिक्री सुनिश्चित कराने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (CO) बसंत सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।