Maharajganj News : कोई बच्चा न छूटे! 3 अगस्त से शुरू होगा विशेष टीडी टीकाकरण अभियान

    29-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में 3 से 7 अगस्त तक विशेष टीडी (टिटनेस-डिप्थीरिया) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार विशेष रूप से उन बच्चों को टीका लगाया जाएगा, जो पिछले वर्ष किसी कारणवश टीकाकरण से वंचित रह गए थे।

अभियान के तहत इस बार विशेष रूप से उन बच्चों को टीका लगाने पर जोर दिया जाएगा जो पिछले वर्ष किसी कारणवश टीडी वैक्सीन से वंचित रह गए थे। साथ ही उन निजी विद्यालयों के बच्चों को भी अभियान के दायरे में लाया जाएगा, जहां पूर्व में टीकाकरण कराने से मना कर दिया गया था।

बीते दिनों जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी निजी विद्यालयों को चिह्नित किया जाए, जहां पिछले वर्ष टीकाकरण नहीं हो सका था। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग करें ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीके से वंचित न रहे।

अभियान के तहत 5 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को टीडी वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए सरकारी एवं निजी विद्यालयों से बच्चों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। आंकड़ों के आधार पर माइक्रोप्लान तैयार किया जाएगा, ताकि प्रत्येक विद्यालय और गांव तक टीकाकरण टीम समय पर पहुंच सके।

माइक्रोप्लान तैयार होने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और आशा विद्यालयों तथा निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर बच्चों का टीकाकरण करेंगी। अभियान में बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, ग्राम प्रधान, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और आशा संगिनियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभागों के समन्वय से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।