महराजगंज। निचलौल विकासखंड के ठूठीबारी मुख्य चौराहे पर मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विद्युत ट्रांसफॉर्मर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद करीब 40 सेकंड तक लगातार तेज धमाके होते रहे और ट्रांसफॉर्मर से धुएं का घना गुबार उठता रहा। धमाकों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
विस्फोट के साथ ही पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तेज आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि ट्रांसफॉर्मर के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट तकनीकी खराबी या ओवरलोड के कारण हुआ होगा। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
घटना के बाद मुख्य चौराहे जैसे व्यस्त स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि उस समय चौराहे पर अधिक भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय नागरिकों ने विभाग से जर्जर ट्रांसफॉर्मरों की नियमित जांच और समय रहते उनके प्रतिस्थापन की मांग की है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।