Maharajganj News : खुफिया विभाग में बवाल! SIO प्रभारी समेत 6 पर केस
03-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। खुफिया विभाग (एलआईयू) की विशेष शाखा में तैनात रहे एक मुख्य आरक्षी की शिकायत पर एससी-एसटी कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने एसआईओ प्रभारी सहित छह लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र के अंडीला निवासी वेद प्रकाश भारती ने विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। महराजगंज में एलआईयू की विशेष शाखा में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय में कार्यरत एक महिला हेड कांस्टेबल की कार्यप्रणाली की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने के बाद कुछ सहकर्मियों ने उनसे रंजिश रखनी शुरू कर दी।
उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ बार-बार स्थानांतरण कराकर परेशान किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिता के इलाज के लिए लिए गए उधार के विवाद को आधार बनाकर वर्ष 2022 में उनके खिलाफ साजिशन मुकदमा दर्ज कराया गया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उस मुकदमे पर बाद में उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश मिला था। वेद प्रकाश भारती का आरोप है कि 18 सितंबर 2025 को कोतवाली में शिकायत देने के कुछ देर बाद एसआईओ प्रभारी समेत अन्य आरोपितों ने उन्हें कोतवाली गेट पर रोक लिया। वहां जातिसूचक टिप्पणी करते हुए अपमानित किया गया तथा मुकदमा आगे बढ़ाने पर हत्या कराने, दुर्घटना कराने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी कोर्ट के आदेश पर एसआईओ प्रभारी अनिल तिवारी, शक्ति तिवारी, अर्चना उपाध्याय, अवधेश सिंह व मनोज साहनी के खिलाफ एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष विवेचना के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।