Maharajganj News : TET के दूसरे दिन थम गई शहर की रफ्तार, पुलिस को संभालनी पड़ी कमान

    03-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। यूपी-टीईटी परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के चार पहिया वाहनों से परीक्षा केंद्रों की ओर पहुंचने के कारण सक्सेना नगर चौराहे से मऊपाकड़ चौराहे तक लंबा जाम लग गया।

इस लंबे जाम के कारण शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। कई अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को भी परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


स्थिति की सूचना मिलते ही ट्रैफिक इंस्पेक्टर अरुणेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं यातायात व्यवस्था की कमान संभाली और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया। पुलिस टीम ने वाहनों को व्यवस्थित ढंग से निकलवाया और यातायात को फिर से सुचारु बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। लगातार प्रयासों के बाद कुछ समय में जाम खुल गया और शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि परीक्षा जैसे विशेष अवसरों पर यातायात नियमों का पालन करें और सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।