Maharajganj News : महराजगंज की तस्वीर बदलने वाली परियोजना को मिली हरी झंडी, अब खत्म होगा जाम का दर्द!

    30-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज
। जनपदवासियों के लोगों के लिए खुशखबरी है। लंबे समय से प्रतीक्षित राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर परतावल से फरेंदा तक महराजगंज बाईपास सहित फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है, इसे केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण मंजूरी मिल गई है। परियोजना को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही परियोजना से संबंधित भूमि अधिग्रहण व अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया जा चुके हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत जारी सूचना के अनुसार, प्रभावित गांवों की भूमि का मूल्यांकन, मुआवजा वितरण और अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। वर्तमान में गोरखपुर से परतावल तक हाइवे फोरलेन है, जबकि परतावल से महराजगंज होते हुए फरेंदा तक हाइवे टू लेन है। परियोजना पूरी होने के बाद गोरखपुर व कप्तानगंज की तरफ से आने वाले वाहनों फरेंदा तक आवागमन सुगम होगा। फरेंदा में गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे जुड़ जाएगा।


फोरलेन और बाईपास बनने से महराजगंज शहर को वर्षों पुराने ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। भारी वाहनों का आवागमन शहर के बाहर से होगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और गोरखपुर, कप्तानगंज तथा सोनौली की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-730 परतावल से फरेंदा तक महराजगंज बाईपास सहित फोरलेन चौड़ीकरण और पांच पुलों के ज्योमेट्रिक इम्प्रूवमेंट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय मार्ग खंड गोरखपुर ने धारा 3ए के तहत अधिसूचना प्रकाशित कर प्रभावित जमीनों के सत्यापन का काम शुरू करा दिया है।

अधिशासी अभियंता द्वारा भेजे गए ड्राफ्ट के आधार पर उप भूमि अध्याप्ति अधिकारी ने सदर व फरेंदा के उप जिलाधिकारियों को पत्र जारी किया है। सदर और फरेंदा तहसील के उपजिलाधिकारियों को संबंधित गांवों के गाटा सत्यापन और त्रुटियों के संशोधन के निर्देश दिए गए हैं।

परियोजना के तहत सदर तहसील के छातीराम, परतावल, पिपरिया, कोटवा, पचरुखिया, भैसा, धरमपुर, सोहराना, रुद्रापुर, अगया, मनियारपुर, सेमरा राजा, परसिया, भिटौली, सतभरिया, गौनरिया बाबू और बरवा विद्यापति समेत कई गांवों में भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित है। इसके अलावा हाईवे पर स्थित पांच पुलों के ज्योमेट्रिक सुधार के लिए भी भूमि अधिग्रहण किया जाएगा।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की अलाइनमेंट अप्रूवल कमेटी से महराजगंज बाईपास के संरेखण (अलाइनमेंट) को मंजूरी मिल चुकी है। बरवा विद्यापति से फरेंदा तक 48 गांवों में 33 किमी क्षेत्र का संरेखण तय हो गया है। 

इस संबंध में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि परतावल से फरेंदा तक फोरलेन निर्माण के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। भूमि अधिग्रहण व संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है। इस साल के अंत तक टेंडर जारी होने की उम्मीद है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।