VIP WhatsApp Hack : जिला पंचायत अध्यक्ष का WhatsApp हैक, अफसरों से मांगे ₹25 हजार... मचा हड़कंप

    30-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में साइबर अपराधियों ने इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल को निशाना बनाया। जालसाजों ने उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर अधिकारियों, कर्मचारियों और परिचितों को इमरजेंसी का हवाला देते हुए ₹25 हजार भेजने का संदेश भेज दिया। हालांकि समय रहते सच्चाई सामने आने से कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे विकास भवन में तैनात जिला विकास अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव समेत कई अधिकारियों के मोबाइल पर रविकांत पटेल के नंबर से व्हाट्सएप संदेश पहुंचे। संदेश में लिखा गया था कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और उन्हें तत्काल 25 हजार रुपये की आवश्यकता है।

हालांकि, अधिकारियों ने सतर्कता दिखाते हुए रुपये भेजने के बजाय सीधे रविकांत पटेल को फोन किया। बातचीत में पता चला कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है और साइबर अपराधी उनके नाम का दुरुपयोग कर लोगों से रुपये मांग रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और परिचितों से अपील की कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी रुपये मांगने वाले संदेश पर विश्वास न करें और कोई भुगतान न करें। उन्होंने तत्काल साइबर थाने को सूचना देने के साथ ही अपने अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी व्हाट्सएप हैक होने की जानकारी साझा की।

साइबर थाना प्रभारी राशिद खान ने बताया कि सूचना मिलते ही तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। व्हाट्सएप अकाउंट हैक करने वाले साइबर अपराधियों की पहचान के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।