Maharajganj News : रुक्मिणी हत्याकांड का नया मोड़! सातवें दिन पति ने भी तोड़ा दम, गाँव में सनसनी

    31-Jul-2026   
Total Views |

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुड़कटिया गांव में रुक्मिणी हत्याकांड के महज सात दिन बाद उसके पति शिवनारायण की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पनियरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।

गौरतलब है कि 24 जुलाई की सुबह शिवनारायण की पत्नी रुक्मिणी का खून से लथपथ शव घर के बाहर चारपाई पर मिला था। इस हत्याकांड में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। परिजन के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद से ही शिवनारायण गहरे मानसिक सदमे में थे और उनका इलाज गोरखपुर के एक निजी मनोचिकित्सक से चल रहा था।

शिवनारायण के बेटे गुलशन ने बताया कि रोज उनके पिता नहा-धोकर नाश्ता करते थे। गुरुवार की सुबह नाश्ते के दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें पनियरा पीएचसी ले गए तो जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि अचानक हुई इस मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोग इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मान रहे हैं।


परिजन शिवनारायण की मौत के लिए भी रुक्मिणी हत्याकांड के आरोपी अजय साहनी और भरथरी साहनी ही जिम्मेदार बता रहे हैं। उनका कहना है कि यदि रुक्मिणी की मौत नहीं होती तो शिवनारायण सदमे में नहीं आते और उनकी मौत नहीं होती।

परिजन के अनुसार शिवनारायण का इलाज गोरखपुर के एक निजी मनोचिकित्सक के यहां करवाया जा रहा था। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। मृतक का बड़ा बेटा गुलशन और अन्य रिश्तेदार शुरुआत में शव की जांच कराने के पक्ष में नहीं थे। लेकिन मौके पर पहुंचे श्यामदेउरवा एसओ सत्यप्रकाश सिंह के समझाने पर सभी मान गए।

सत्यप्रकाश सिंह ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से बातचीत की।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

इस घटना ने परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है। एक सप्ताह के भीतर माता-पिता दोनों को खो चुके गुलशन (19), आरती (17), रागिनी (15) और गुलजार (13) गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में चारों बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई जा रही है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।