सिसवा बाजार। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को विकास खंड सिसवा के सभागार में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जागरूकता एवं लाभार्थी चिन्हांकन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने की। इस दौरान अधिकारियों ने पात्र बच्चों तक सरकारी सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
खण्ड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराना है, जिनके माता-पिता, किसी एक अभिभावक या संरक्षक की मृत्यु 1 मार्च 2020 के बाद हो गई हो और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो। उन्होंने कहा कि कोविड-19 अथवा अन्य किसी कारण से माता-पिता या संरक्षक की मृत्यु होने पर पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को आवश्यकता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, राशन कार्ड, शिक्षा के लिए कॉपी, किताब, ड्रेस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च विभाग द्वारा वहन किया जाएगा तथा उन्हें अन्य सरकारी योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा।
बीडीओ ने कहा कि जिलाधिकारी का स्पष्ट निर्देश है कि पात्र परिवारों का चिन्हांकन कर उन्हें सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
योजना की पात्रता1. 1 मार्च 2020 के बाद माता-पिता दोनों, किसी एक माता-पिता या संरक्षक की मृत्यु हुई हो।
2. मृत्यु कोविड-19 या किसी अन्य कारण से हुई हो।
3. परिवार की वार्षिक आय ₹3 लाख से अधिक न हो।
योजना के प्रमुख लाभ23 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक पात्र बालक/बालिका को ₹2,500 प्रतिमाह का अनुदान।
एक परिवार के अधिकतम दो बच्चों को योजना का लाभ।
आवश्यक दस्तावेज* जन्म प्रमाण पत्र
* मृत्यु प्रमाण पत्र
* परिवार रजिस्टर की नकल
* आय प्रमाण पत्र
* निवास प्रमाण पत्र
* बच्चे का आधार कार्ड
* बैंक पासबुक की छायाप्रति
* शिक्षण प्रमाण पत्र
* बच्चे का पासपोर्ट आकार का फोटो
योजना के लिए ऑफलाइन आवेदन जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन mbsyup.in पोर्टल पर किया जा सकता है।
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत बलराम मौर्य, सचिव विनय शर्मा, जयहिंद गौतम, राहुल प्रताप सिंह, एडीओ (आईएसबी) सुजीत गोंड, एपीओ सौरभ चौधरी, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।