Maharajganj News : परीक्षा केंद्रों पर अचानक पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत

    04-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी


महराजगंज। शिक्षक पात्रता परीक्षा–2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पंचायत इंटर कॉलेज तथा शिवजपत सिंह जनता इंटर कॉलेज, भिटौली बाजार का निरीक्षण करते हुए परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं जांच स्थल सहित सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त एवं सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, विद्युत एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाए रखें। प्रवेश एवं सुरक्षा जांच की प्रक्रिया भी सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकारात्मक परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान पंचायत इंटर कॉलेज में आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक श्री शिव प्रसाद उपाध्याय, आईपीएस (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित रहे। उन्होंने परीक्षा केंद्र की तैयारियों का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन की अपेक्षा जताई।