Maharajganj News : जिस सड़क पर हुआ था जल सत्याग्रह, अब वहीं शुरू होगा निर्माण

    06-Jul-2026
Total Views |

परतावल। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 में लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क अब नए स्वरूप में नजर आएगी। यहाँ करीब 30 लाख रुपये की लागत से आरसीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का सोमवार को यानी आज जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शिलान्यास किया जाएगा। पिछले वर्ष इसी सड़क पर जलभराव से परेशान लोगों ने पानी में उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया था।

गौरतलब है कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव से लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता था। कई बार हालात ऐसे हो जाते थे कि सड़क नहर जैसी दिखाई देने लगती थी, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता था। पिछले वर्ष जलभराव से परेशान वार्डवासियों ने पानी में खड़े होकर विरोध-प्रदर्शन करके सड़क निर्माण की मांग की थी।


स्थानीय समाजसेवी राजन वर्मा ने भी अधिशासी अधिकारी और नगर पंचायत चेयरमैन को लिखित प्रार्थना पत्र देकर सड़क व नाली निर्माण की मांग की थी। इसके बाद नगर पंचायत ने प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए कार्ययोजना तैयार की और टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई।

अवर अभियंता के साथ स्थलीय निरीक्षण के बाद शिलान्यास की तिथि तय की गई। चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने बताया कि इस मार्ग को बनाने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। सोमवार से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।