Maharajganj Politics : सड़क-नाली की मांग पर सचिव का कथित जवाब बना चर्चा का विषय, ऑडियो वायरल
08-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद के ग्राम बसंतपुर तहसील घुघली ब्लॉक के एक सचिव पर अभद्र व्यवहार और विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप लगा है। इस मामले में जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने की है।
दरअसल, ग्राम निवासी शिव कुमार मौर्या की घुघली ब्लॉक सचिव के साथ बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है, जिसमे वे सचिव से ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि जब सबके घर के सामने सड़क और नाली का निर्माण हो रहा है, तो मेरे घर के सामने का हिस्सा ही क्यों छोड़ दिया गया है?
लेकिन इस बात पर घुघली ब्लॉक सचिव भड़क जाते हैं। समस्या का समाधान करना तो दूर वे स्पष्ट शब्दों में कहते हुए सुने जा सकते हैं कि 'जो करना है कर लो मैं कुछ नहीं कर सकता। जिससे शिकायत करनी है कर दो, नाली वहां नहीं बनेगी।' शिव कुमार मौर्या का आरोप है कि एक जनसेवक से इस तरह के व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
शिव मौर्या का कहना कि यदि पूरे गांव में सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है तो उनके घर के सामने का हिस्सा छोड़ने के पीछे क्या कारण हैं, इसकी भी जांच होनी चाहिए। साथ ही संबंधित अधिकारी के कथित व्यवहार की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
शिव मौर्या का कहना है कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक समान विकास और सम्मानजनक व्यवहार का अधिकारी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।