Maharajganj News : मकान खरीदा, फिर टूटा ताला और दोबारा कब्जा! महिला की शिकायत पर FIR दर्ज
08-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिषद के शिवनगर वार्ड नंबर-2 में मकान पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। नगर पालिका परिषद के शिवनगर वार्ड नंबर-दो निवासी एक महिला ने दंपती और दो अज्ञात पर मकान पर कब्जा करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस दो नामजद सहित चार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शिवनगर वार्ड नंबर-दो निवासी प्रमिला यादव ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी उमेश चंद्र वर्मा, उनकी पत्नी शारदा देवी और अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मकान का ताला तोड़कर कब्जा करने, निरस्त चेक का दुरुपयोग कर 3.50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रमिला यादव ने बताया छह दिसंबर 2025 को शारदा देवी से करीब 59.70 लाख रुपये में एक आरसीसी मकान सहित भूमि का पंजीकृत बैनामा कराया था। संपत्ति का नामांतरण भी 6 अप्रैल 2026 को उनके नाम हो चुका है। दावा किया गया है कि विक्रेता पक्ष ने बैनामे में पूरी बिक्री राशि प्राप्त होने की पुष्टि भी की थी।
बैनामे से पूर्व उमेश चंद्र वर्मा ने शपथ-पत्र देकर एक माह के भीतर मकान खाली करने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा नहीं किया। 31 मई 2026 को उन्होंने मकान की सुरक्षा के लिए लगाए गए पांच ताले तोड़कर अपने सहयोगियों के साथ जबरन घर में प्रवेश कर दोबारा कब्जा कर लिया। आरोपी एक पुराने निरस्त चेक के आधार पर 3.50 लाख रुपये की अवैध मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर मुझे और पति को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि प्रमिला यादव की तहरीर पर आरोपी उमेश चंद्र वर्मा, शारदा देवी, अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।