Maharajganj News : नेपाल में तेज बारिश... क्या महराजगंज पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा? सामने आई ताजा रिपोर्ट
08-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। पड़ोसी देश नेपाल व तराई क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज के बावजूद फ़िलहाल जिले की सभी प्रमुख नदियां पूरी तरह शांत हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, जिले की सभी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे बना हुआ है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। पिछले कुछ घंटों में नदियों के जलस्तर और डिस्चार्ज में भी लगातार गिरावट दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसूनी सीजन में अब तक महराजगंज में कुल 189.5 मिमी व बी-गैप क्षेत्र में कुल 272.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। हालांकि पहाड़ों पर हो रही हलचल के बीच मुख्य नदियों का जलस्तर पूरी तरह से नियंत्रण में है। बाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में पानी का डिस्चार्ज लगातार नीचे की ओर जा रहा है। बैराज से डिस्चार्ज घटकर अब 37 हजार 200 क्यूसेक पर आ गया है। यहां बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 110.41 मीटर व डाउनस्ट्रीम 105.86 मीटर दर्ज किया गया है। यह खतरे के निशान 109.670 मीटर के लिहाज से सुरक्षित श्रेणी में है।
त्रिमुहानी घाट पर रोहिन नदी का वर्तमान जलस्तर 77.57 मीटर पर आ गया है। यह खतरे के निशान 82.44 मीटर से करीब 5 मीटर नीचे है। रतनपुर स्थित रोहिन बैराज का अपस्ट्रीम 99.52 मीटर व डाउनस्ट्रीम 96.05 मीटर दर्ज किया गया है। बैराज से 58.72 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। रिगौली घाट पर राप्ती नदी का जलस्तर घटकर 74.36 मीटर पर पहुंच गया है। यह नदी खतरे के बिंदु 80.30 मीटर से करीब 6 मीटर नीचे बह रही है। महाव नाले का जलस्तर खतरे के निशान 5 फीट के मुकाबले महज 2 फीट पर स्थिर बना हुआ है। इसके अतिरिक्त चंदन व प्यास नदी का वर्तमान जलस्तर भी पूरी तरह सामान्य बना हुआ है।
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता राजीव कपिल ने बताया कि सिंचाई विभाग की टीमें सभी संवेदनशील तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। नियंत्रण कक्ष से हर तीन घंटे पर नदियों के जलस्तर की मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।