Karauta To Kargil : 71 दिन... 3,150 किमी... अब सामने है सबसे कठिन चुनौती, कारगिल पहुंचे शिवम
08-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद के करौता गांव निवासी शिवम पटेल ने अपने विश्व रिकॉर्ड अभियान के तहत 3,150 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी कर कारगिल पहुंचकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब वह अपने अभियान के सबसे कठिन चरण की शुरुआत करते हुए करीब 19,400 फीट की ऊंचाई पर स्थित मिग-ला टॉप तक साइकिल से पहुंचने का प्रयास करेंगे।
शिवम ने बताया कि यह यात्रा उन्होंने 71 दिनों में पूर्ण की। लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों से लगभग 25 दिनों तक साइकिल नहीं चला सके। इसके अलावा ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण के लिए करीब नौ दिन का विराम भी लिया। इस तरह उन्होंने 35 से 36 दिनों में 3,150 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की। उनके पिता राम आशीष पटेल एवं माता किरण पटेल हैं।
महाराजगंज, गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से होते हुए शिवम कारगिल तक पहुंचे। शिवम पटेल अब अपने अभियान के दूसरे और सबसे चुनौतीपूर्ण चरण की शुरुआत 8 जुलाई की सुबह कारगिल से करेंगे। उनका लक्ष्य लगभग 19,400 फीट की ऊंचाई पर स्थित मिग-ला टॉप तक साइकिल से पहुंचकर अगले सात से आठ दिनों में भारत का तिरंगा फहराना है।
शिवम का कहना है कि यदि उनका यह अभियान विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज होता है तो वह इसे भारत माता की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को समर्पित करेंगे। उनके अनुसार यह अभियान केवल रिकॉर्ड बनाने की कोशिश नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का माध्यम भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।