Maharajganj Politics : श्रीराम चित्र विवाद पर सिसवा में भाजपा का प्रदर्शन, सांसद पप्पू यादव का फूंका पुतला

    01-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। भगवान श्रीराम के चित्र को लेकर उपजे विवाद के विरोध में शनिवार को सिसवा नगर के गोपाल नगर तिराहे पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव का पुतला दहन कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि संसद परिसर में भगवान श्रीराम के चित्र के कथित विरोध से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

भाजपा जनजाति मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री धर्मनाथ खरवार ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और देश की आस्था के प्रमुख प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीराम के चित्र के कथित अनादर और सनातन धर्म व साधु-संतों के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से सांसद पप्पू यादव के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की और सनातन धर्म एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के समर्थन में नारे लगाए!

इस मौके पर अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री राकेश कनौजिया, मनीष रौनियार, नवमी यादव, राधेश्याम, डॉ. महेश सिंह, मुन्ना सिंह, आलोक यादव, मदन मोहन, राणा प्रताप सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।