Mystery Story Of Maharajganj : पीपल पर चली सिर्फ 5 कुल्हाड़ी की चोटें... फिर गांव में शुरू हुई ऐसी अनहोनी कि लोग घर छोड़कर भागे!

Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज के सिसवा क्षेत्र के हथियागढ़ गांव में बरम बाबा का स्थान आज भी लोगों के बीच कौतूहल का केंद्र है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, कभी यहां पीपल का पेड़ काटने के बाद आग लगने और जहरीले सांप निकलने की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।

पांच वार के बाद हुई युवक की मौत

गांव के उत्तर दिशा में पीपल के पेड़ के नीचे स्थित बरम बाबा के स्थान को लेकर एक पुरानी लोककथा प्रचलित है। गांव की ही एक स्थानीय महिला बताती हैं कि यहां पहले खाली मैदान हुआ करता था। बाद में यहां पर एक पीपल का पेड़ हुआ जिसको एक व्यक्ति ने खरीद लिया और उस पेड़ को काटने की कोशिश होने लगी।

एक व्यक्ति ने इस पीपल के पेड़ को काटने के लिए पांच बार कुल्हाड़ी चलाया और उसके बाद वह वहां से चला गया लेकिन जब वह व्यक्ति अपने गंतव्य की ओर जा रहा था बीच में ही उसकी मृत्यु हो गई। इतना ही नहीं इस घटना के बाद गांव में कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं शुरू हो गईं। लगातार हो रही इन घटनाओं से गाँव वाले दहशत में आ गए थे।

बाबा की सलाह पर शुरू हुई पूजा

ग्रामीणों के मुताबिक, जब हालात ज़्यादा बिगड़ गए तो एक बाबा को बुलाया गया। उन्होंने लोगों से पूजा-पाठ करने और विशेष तरीके से प्रार्थना करने की सलाह दी। इसके बाद ग्रामीणों ने यहां दूध चढ़ाकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। बताया जाता है कि सुबह बड़ी संख्या में लोग दूध से पूजा करते थे, जबकि शाम को फूल युक्त जल से जलाभिषेक किया जाता था। यह धार्मिक अनुष्ठान करीब डेढ़ महीने तक चलता रहा। स्थानीय मान्यता के अनुसार, इसके बाद गांव में हो रही अनहोनी की घटनाएं थम गईं।

आग के साथ निकलते थे सांप

एक स्थानीय महिला ने बताया कि उस समय में ग्रामीण केवल आग लगने की घटनाओं से ही परेशान नहीं थे। अलग-अलग स्थानों पर बड़े और डरावने सांप दिखाई देने की भी बातें सामने आती थीं। डर का माहौल ऐसा बताया जाता है कि कई परिवार घर छोड़कर खेतों में रहने लगे थे।

अब दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु

समय के साथ हालात बदल गए। ग्रामीणों का कहना है कि अब यहां पहले जैसी घटनाएं नहीं होतीं। बरम बाबा का स्थान अब स्थानीय आस्था का केंद्र बन चुका है और आसपास के क्षेत्रों से लोग यहां पूजा-अर्चना करने और मन मांगी मुरादें मांगने पहुंचते हैं।

हथियागढ़ गांव में बरम बाबा के स्थान से जुड़ी यह रहस्यमयी कथा आज भी लोगों के बीच उतनी ही चर्चा में रहती है और हर आने वाले श्रद्धालु की जिज्ञासा बढ़ा देती है।


शिवानी श्रीवास्तव

शिवानी श्रीवास्तव (Shivani Srivastava) 'आपन महराजगंज' में सहायक संपादक (Assistant Editor) के पद पर कार्यरत हैं। यह संपादकीय कार्यों, समाचारों के संपादन और पोर्टल की कंटेंट टीम में अपनी भूमिका निभाती हैं।