Maharajganj News : आधी रात को एसपी के इस बड़े एक्शन से महकमे में खलबली ! जानें कौन सी ऐसी कार्रवाई हुई...

Total Views |

महराजगंज। जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया। जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस शाखाओं में तैनात 36 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

दावा किया जा रहा है कि गंभीर मामलों में नामजद, अपराधिक केस में घिरे और जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह एक्शन हुआ है। विभिन्न थानों और शाखाओं में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी किया गया है। हालाँकि महराजगंज पुलिस ऑफिस की ओर से लाइन हाजिर होने वाले सिपाहियों के नाम, पूर्व की तैनाती का स्थान और एक्शन का आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई गंभीर मामलों में नामजद, आपराधिक मुकदमों में घिरे और जनसुनवाई में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों पर हुई है।


एसपी ने सभी 36 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन में आमद दर्ज कराने को कहा है। एसपी ने कहा कि जनता से अभद्रता व कानून व्यवस्था में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

बताया जा रहा है कि विभाग में तैनात पुलिस कर्मियों के कामकाज और उनके पुराने ट्रैक रिकॉर्ड की उच्च स्तर पर गहन समीक्षा की जा रही है। मध्यरात्रि में जारी इस फरमान के बाद कई थानों और चौकियों में खलबली मच गई है। एसपी के इस सख्त कदम से साफ है कि आने वाले दिनों में निष्क्रिय और संदिग्ध आचरण वाले अन्य पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिर सकती है।

एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनसुनवाई, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन, संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जिले में पारदर्शी, निष्पक्ष और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।


शिवानी श्रीवास्तव

शिवानी श्रीवास्तव (Shivani Srivastava) 'आपन महराजगंज' में सहायक संपादक (Assistant Editor) के पद पर कार्यरत हैं। यह संपादकीय कार्यों, समाचारों के संपादन और पोर्टल की कंटेंट टीम में अपनी भूमिका निभाती हैं।