महराजगंज। शनिवार रात से शुरू हुई उमस भरी गर्मी ने रविवार को भी लोगों को परेशान किए रखा। दिनभर उमस के कारण लोग पसीने से बेहाल रहे। पंखे और कूलर चलने के बावजूद खास राहत महसूस नहीं हुई। अब मौसम विभाग ने सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने के बीच गर्मी और उमस के तेवर और तल्ख होने का अनुमान जताया है।
बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो इस दौरान दिन के तापमान में करीब 2.0 डिग्री सेल्सियस की तो रात के 1.0 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश पर पहुंचने से मानसूनी द्रोणी के अपनी सामान्य स्थिति से थोड़ा दक्षिण में खिसककर बीकानेर, ग्वालियर, उत्तरी पूर्वी मध्य प्रदेश पर संकेन्द्रित निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र से पुरी होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर चला गया है।
जिससे मानसूनी प्रवाह मध्य भारत की ओर हो गया है। अनुमान है कि आगामी 24 घंटों के दौरान जिले में हल्की से मध्यम वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि इससे गर्मी व उमस के तेवर में कोई खास राहत नहीं मिलने वाली है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।