Maharajganj News : खड़खोड़ा हत्याकांड में प्रेम-प्रसंग का एंगल! दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग से भी पूछताछ

    11-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और आपसी संबंधों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को खड़खोड़ा गांव में हजारीलाल पुत्र राजकुमार पर हमला किया गया था। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मृतक के परिजन राजकुमार पुत्र तामेश्वर, निवासी हरैया, थाना पुरंदरपुर की तहरीर पर बृजमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में मु0अ0सं0 196/2026 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश साहनी पुत्र कोइल और रामप्यारे साहनी पुत्र रामकरन उर्फ जरलाहे, दोनों निवासी खड़खोड़ा, थाना बृजमनगंज, महराजगंज के रूप में हुई है।

पुलिस मामले की जांच के दौरान हत्या के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं को खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग से जुड़े एंगल की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास फिलहाल इसी मुकदमे से संबंधित है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों और बाल अपचारी के संबंध में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।