Maharajganj News : पटरी पर पड़ा था महिला का शव, आसपास किसी ने नहीं पहचाना! पुलिस कर रही सोशल मीडिया से तलाश

    11-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में सिसवा बाजार-घुघली रेलखंड पर मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, आज यानी मंगलवार सुबह करीब 7 बजे सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ने सूचना दी कि सिसवा बाजार-घुघली के बीच किलोमीटर 338/2-3 पर रेलवे ट्रैक के बीच एक महिला का शव पड़ा हुआ है। यह सूचना मिलते ही कोठीभार की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर करीब 25 वर्षीय महिला का शव मिला। मृतका ने सलवार-कुर्ता पहन रखा था। पुलिस के मुताबिक, ट्रेन की चपेट में आने के कारण महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।


पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अब सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों की मदद से मृतका की शिनाख्त कराने में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

कोठीभार पुलिस के अनुसार मौके पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। पुलिस मृतका की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को स्पष्ट करने का प्रयास करेगी।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।