महराजगंज। अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में फरेन्दा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कस्बा फरेन्दा में एक बलैनो कार को रोककर तलाशी ली। वाहन से भारी मात्रा में तस्करी का सामान बरामद होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुनील मिश्रा पुत्र देवतामनी मिश्रा, निवासी ग्राम नदाई हरहिया, थाना हरैया, जनपद बस्ती, उम्र करीब 34 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामद सामान में 7 बोरी अखरोट, 12 बोरी फेयर एंड लवली पाउच, 2 गत्ता मैगी तथा 275 फेयर एंड लवली क्रीम ट्यूब शामिल हैं। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त बलैनो कार संख्या UP56AY1907 को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस ने मामले में थाना फरेन्दा पर धारा 111 कस्टम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, रिक्रूट कांस्टेबल गौरव वर्मा और रिक्रूट कांस्टेबल अजय यादव शामिल रहे।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।