महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल बाजार में रविवार रात चल रहे मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवारा कुत्ते ने अचानक लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कुत्ते ने बच्चों समेत करीब 20 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में परतावल चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बताया गया कि रविवार को रात करीब 8 बजे परतावल बाजार में लगे मेले में अचानक एक कुत्ता घुस आया और लोगों को काटना शुरू कर दिया। कुत्ते के अचानक हमले से मेले में भगदड़ मच गई। कुत्ते के खौफ से लोग अपना सामान छोड़कर घरों में दुबक गए। कुत्ते के हमले में करीब 20 लोग घायल हुए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई।
इतना ही नहीं रात करीब 2 बजे गश्त पर निकले परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय, उनके हमराह कांस्टेबल सौरभ और एक राजू को भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
सीएचसी में लगी घायलों की भीड़ घटना के बाद घायलों को तत्काल सीएचसी परतावल पहुंचाया गया। देर रात तक अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन (ARV) और एंटी रेबीज सीरम (ARS) लगवाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित कुमार के अनुसार, सोमवार को 22 लोगों को ARV और 20 लोगों को ARS की डोज दी गई। प्राथमिक उपचार के बाद 16 लोगों को घर भेज दिया गया, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी रहा।
मेले की रौनक पर पड़ा असर कुत्ते के हमले के बाद मेले में पूरी तरह दहशत का माहौल बन गया। रविवार रात से ही मेले में सन्नाटा छा गया। सोमवार को भी पहले जैसी भीड़ और चहल-पहल नहीं दिखी। अभिभावकों ने डर के कारण बच्चों और महिलाओं को मेला भेजने से परहेज किया।
अब कुत्ते को पकड़ने के लिए जुटी टीमें घटना के बाद कुत्ते को पकड़ने के लिए पुलिस, नगर पंचायत और पशु विभाग की टीम जुटी हुई है। परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय ने बताया कि कुत्ते को पकड़ने के लिए नगर पंचायत के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश यादव ने बताया कि कुत्ते को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।