Maharajganj News : लोन की रकम लेकर गायब हुए तीन कर्मचारी! नौतनवा में 3.72 लाख के गबन से हड़कंप

    13-Aug-2026   
Total Views |

नौतनवा।
निजी फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले तीन कर्मचारियों पर समूह की महिलाओं से वसूली गई लोन की रकम हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ 3.72 लाख रुपये के गबन और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कस्बे में कार्यरत निजी फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर पिन्टू कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। ग्राम चकऊर तिवारी पोस्ट रामपुर खोराबारी थाना भटनी जनपद देवरिया निवासी ब्रांच मैनेजर ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि नौतनवा ब्रांच में संगम मैनेजर पद पर कार्यरत कर्मचारी रामदयाल निवासी मोदीगंज सब्जी मंडी, चिकनियाडीह थाना कैंपियरगंज, गोरखपुर ने सेंटर मीटिंग की छह महिलाओं से एकमुश्त सेटलमेंट के नाम पर 87,794 रुपए लेकर ब्रांच में जमा नहीं किया। वह बिना कुछ बताए अगस्त 2025 में ब्रांच छोड़कर भाग गया।

इसी तरह ब्रांच पर कार्यरत दूसरा कर्मचारी दिवाकर निवासी बेलभरिया थाना कोठीभार जनपद महराजगंज ने सेंटर मीटिंग की 12 महिलाओं से कलेक्शन, प्रीपेमेंट एवं लोन डिस्बर्समेंट करके 2,47,042 रूपये अपने पास रख लिए। ऑडिट करने पर उसके गबन के बारे में पता चला। बिना किसी को बताए अक्टूबर 2025 में ही ब्रांच छोड़कर भाग गया।

ऐसे ही ब्रांच पर कार्यरत तीसरा कर्मचारी विजय कुमार निवासी पकड़ी चौबे थाना कोठीभार जनपद महराजगंज ने एक सेंटर मीटिंग के मेम्बर से प्रीपेमेंट का 37,697 रुपए लेकर अपने पास रख लिया और बिना किसी को बताएं ब्रांच छोड़कर भाग गया। तीनों कर्मचारियों ने 3.72 लाख रुपए का गबन कर लिए।

ब्रांच मैनेजर का आरोप है कि तीनों कर्मचारियों से रकम वापस लेने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन उन्होंने पैसे लौटाने के बजाय धमकी-घुड़की दी।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पैसे के लेनदेन के मामले में रामदयाल, दिवाकर और विजय कुमार के खिलाफ विश्वासघात एवं धमकी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।