महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस-2026 को लेकर महराजगंज पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग और पैदल गश्त शुरू कर दी है। इसी क्रम में फरेंदा क्षेत्र में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन से लेकर होटल-ढाबों और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक जांच अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने थानाध्यक्ष फरेंदा के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, बाजार, होटल, ढाबों समेत अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर पूछताछ एवं जांच की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पुलिस टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर आमजन से वार्तालाप भी किया और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
महराजगंज पुलिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग, पैदल गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
फिलहाल फरेंदा में पुलिस की इस सघन कार्रवाई से साफ है कि 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।