Maharajganj News : 51 लाख की FD और करोड़ों का आशियाना! बहू पर लगा ऐसा आरोप कि कांप उठा पूरा परिवार
14-Aug-2026
Total Views |
फैयाज अहमद
महराजगंज। महराजगंज जिले के नौतनवां कस्बे के वार्ड नंबर 11 भुन्डी के रहने वाले गंगासागर वर्मा उर्फ सोनू ने अपनी पत्नी पर परिवार की जमा-पूंजी और आशियाना हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय थाना और जिले के अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने के बाद अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित पति का आरोप है कि उसके पिता के नाम बैंक में करीब 51 लाख रुपये से अधिक की फिक्स्ड डिपॉजिट थी। पत्नी ने कथित तौर पर ससुर को विश्वास में लेकर इन एफडी में खुद को नॉमिनी बनवा लिया। इतना ही नहीं, जिस मकान में परिवार रहता है, उसका भी हिब्बानामा (दान-पत्र) अपने नाम करा लिया गया, जिसमें दो नाबालिग बच्चों का नाम भी दर्ज है और पत्नी को उनकी संरक्षिका बताया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब पिता की मृत्यु हो गई तो पत्नी ने घर में बिना किसी को बताए बैंक में जमा एफडी को तोड़कर सारे रुपए निकाल लिए, और पति-पत्नी के मामूली झगड़े के बाद वह अपने मायके चली गई। पति का आरोप है कि मामला यहाँ ख़त्म नहीं हुआ, अब पत्नी उस मकान को भी बेच रही है जिसमें वह अपने दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग मां के साथ रहते हैं।
इस पूरे मामले का सबसे मार्मिक पहलू परिवार की बुजुर्ग मां की स्थिति है। परिवार के अनुसार, उन्होंने अपने चार बेटों में से तीन को खो दिया है। अब उनका एकमात्र जीवित सहारा उनका बेटा और उनके नाती-नातिन हैं। बेटे और बहू के बीच विवाद के बाद घर का माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया है।
पीड़ित का कहना है कि कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उसे अपेक्षित राहत नहीं मिली। लगातार कार्यालयों और थाने के चक्कर लगाने के बाद पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का रुख किया है। परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित तौर पर निकाली गई रकम और मकान से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने तथा परिवार के आशियाने को बचाने की मांग की है।