महराजगंज। रक्षाबंधन के त्योहार पर बहनों को भाइयों के घर पहुंचने में बसों की कमी से परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज ने विशेष तैयारी की है। 26 से 31 अगस्त तक महराजगंज डिपो में रक्षाबंधन विशेष प्रोत्साहन योजना लागू रहेगी। इस दौरान 37 बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, वहीं बिना अवकाश ड्यूटी करने वाले चालक, परिचालक और वर्कशॉप कर्मचारियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
महराजगंज डिपो में कुल 76 रोडवेज बसों का संचालन होता है। इसमें 15 बसें बाहरी रूट पर तो शेष बसें लोकल रूट पर संचालित हैं। लोकल रूट पर फरेंदा, पनियरा, गोरखपुर, सोनौली बसों का संचालन है। चालक व परिचालक संख्या कम होने के कारण आए दिन एक से दो बसें डिपो में ही खड़ी रह जाती हैं। रक्षाबंधन के दौरान यह स्थिति न उत्पन्न होने पाए इसका इंतजाम विभाग ने अभी से पूरा कर दिया है।
26 से 31 अगस्त तक बिना अवकाश काम करने वाले चालक और परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। निर्धारित अवधि में 1800 किलोमीटर का सफर पूरा करने वाले कर्मचारियों को ₹1200 प्रोत्साहन राशि और ₹500 यात्रा भत्ता, यानी कुल ₹1700 का भुगतान किया जाएगा।
रक्षाबंधन के दौरान बसों का संचालन सुचारु रखने में वर्कशॉप कर्मचारियों की भूमिका भी अहम होगी। महराजगंज डिपो के धनेवा वर्कशॉप में बिना अवकाश ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
रोडवेज की इस विशेष व्यवस्था से रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त बस सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।