Maharajganj News : नवोदय विद्यालय की थाली में मिला मरा मेंढक, दाल देखते ही छात्रों ने छोड़ा खाना
16-Aug-2026
Total Views |
फ़ैयाज़ अहमद
महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा नौ के एक छात्र की थाली में परोसी गई दाल में मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। छात्र ने इसकी जानकारी आसपास मौजूद विद्यार्थियों को दी तो देखते ही देखते कई छात्रों ने भोजन करना बंद कर दिया।
बताया गया कि विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक करीब 100 छात्र आवासीय व्यवस्था के तहत रहते हैं। रविवार सुबह नाश्ते के बाद विद्यार्थियों को दाल, चावल और सब्जी परोसी गई थी। इसी दौरान एक छात्र की थाली में दाल के भीतर मेंढक मिलने की बात सामने आई। घटना की जानकारी फैलते ही कई छात्रों ने अपनी थालियां छोड़ दीं और भोजन की गुणवत्ता तथा साफ-सफाई को लेकर सवाल उठाए।
मामले की सूचना मिलने पर विद्यालय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर शांत कराया। विद्यालय की ओर से बच्चों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं।
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने भोजन तैयार करने से लेकर बच्चों को परोसने तक की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की। अभिभावकों का कहना था कि आवासीय विद्यालय में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
विद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि भोजन तैयार करने के दौरान लापरवाही हुई या भोजन परोसने से पहले जांच में चूक हुई। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अभिभावकों ने मांग की है कि भविष्य में भोजन परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की पर्याप्त जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।