
सिसवा बाजार। थाना कोठीभार क्षेत्र में रविवार, 16 अगस्त 2026 को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम नगर के वार्ड नंबर 12 सेनानी नगर, नौका टोला स्थित दिव्यांग प्रकोष्ठ संयोजक राजन चौधरी के आवास पर आयोजित हुआ। इसमें एसआई लकी पटेल एवं उनके सहपाठियों ने महिलाओं और किशोरियों और बच्चों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान एसआई लकी पटेल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को घर से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी-रोमियो स्क्वाड, महिला हेल्प डेस्क तथा मिशन शक्ति केंद्र प्रत्येक थाने में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 102 नंबर गर्भवती महिला का डिलीवरी, आपात स्थिति में कॉल कर एंबुलेंस सहायता प्राप्त की जा सकती है।
1098 नंबर चाइल्ड हेल्पलाइन है, जिसके माध्यम से मुसीबत में फंसे, शोषण या बाल विवाह जैसी समस्याओं से प्रभावित बच्चों की सहायता प्राप्त की जा सकती है। वहीं 1090 नंबर महिला हेल्पलाइन है, जिस पर महिलाओं से जुड़ी हिंसा, उत्पीड़न या सुरक्षा संबंधी समस्या में सहायता प्राप्त की जा सकती है।
108 नंबर आपातकालीन एंबुलेंस गंभीर बीमारी, दुर्घटना या किसी अन्य मेडिकल इमरजेंसी में कॉल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जाए, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आवश्यकता होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इस दौरान दिव्यांग प्रकोष्ठ संयोजक राजन चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा नारी शक्ति जागरूकता अभियान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे अभियानों से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक होने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में कस्बे की बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान निर्मला देवी, रुक्मणी चौधरी, मुस्कान खान, शमीमा खातून, रामवती देवी, मीरा देवी और काजल चौधरी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।