Maharajganj News : सिसवा के अंकित रावत बने ग्राम पंचायत अधिकारी, बधाइयों का लगा तांता

    18-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर के पोखरा टोला निवासी अंकित रावत पुत्र गिरीश रावत एवं माता किरण रावत का चयन उत्तर प्रदेश पंचायती राज विभाग में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर हुआ है। चयन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

अंकित रावत ने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा सिसवा नगर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल से पूरी की। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से वर्ष 2020 में स्नातक की शिक्षा पूर्ण की।

अंकित ने वर्ष 2022 में UPSSSC की परीक्षा दी। इसके बाद चयन प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा 27 अप्रैल 2025 को आयोजित हुई। लंबे समय से चल रही चयन प्रक्रिया का अंतिम परिणाम 17 अगस्त 2026, सोमवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा घोषित किया गया, जिसमें अंकित रावत ने सफलता हासिल करते हुए ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर चयन प्राप्त किया।

अंकित रावत की इस उपलब्धि पर परिवार के लोगों, रिश्तेदारों, मित्रों और कस्बे के नगरवासियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी मेहनत और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।