UP News : आजादी के जश्न में ऐसा क्या हुआ? बुर्का-नकाब में छात्राओं के डांस से गोंडा में बवाल

    18-Aug-2026   
Total Views |

UP News :
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के एक निजी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बुर्का पहनकर डांस करने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद से बवाल मचा हुआ है। वीडियो को लेकर विभिन्न पक्षों की ओर से आपत्ति जताई गई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी। मामले के तूल पकड़ने के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से माफी मांग ली गई है। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

मामला खोंडारे थाना क्षेत्र के औसनी बुजुर्ग स्थित नॉलेज बीम एकेडमी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। इसी दौरान चार-पांच छात्राओं ने बुर्का और नकाब पहनकर भोजपुरी गीतों पर मंच पर प्रस्तुति दी।

इन दौरान इन छात्राओं ने भोजपुरी गाने 'लगाई दिही चोलिया के हुक' और 'गुलाब जइसन खिलल बाड़ू' जैसे गानों पर डांस किया। कार्यक्रम का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद रविवार को यह तेजी से वायरल हो गया। इसपर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई मुस्लिम संगठनों ने डांस के दौरान बुर्के के इस्तेमाल पर भी कड़ी आपत्ति जताई और स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगते हुए कार्रवाई की मांग की।

वहीं हिन्दू पक्ष की ओर से भी इसका विरोध किया जा रहा है। विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रशासन की ओर से सफ़ाई आई है। स्कूल के मैनेजर राम सुरेश ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि बुर्का और नकाब पहनकर प्रस्तुति देने वाली छात्राएं हिंदू हैं और कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति था। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम से किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं तो स्कूल प्रबंधन इसके लिए क्षमा मांगता है।

मामला सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय में इस तरह का कार्यक्रम हुआ है तो पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीएसए ने भरोसा दिया कि दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कार्यक्रम के आयोजन में किसी नियम या निर्देश का उल्लंघन हुआ था या नहीं।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।