Maharajganj News : रोहिन बैराज हादसे में दो परिवार उजड़े, विधायक ने बढ़ाया मदद का हाथ; दिए 4-4 लाख के चेक

    18-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के बनैलिया माता-रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 पर रविवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो युवकों की मौत के बाद दो परिवारों में मातम पसरा है। मृतकों की पहचान सोनौली थाना क्षेत्र के महुअवा निवासी प्रिंस वर्मा (20) पुत्र विनय वर्मा और मोनू साहनी (14) पुत्र पवन साहनी के रूप में हुई।

दोनों युवक रविवार को रोहिन बैराज के गेट संख्या-03 के पास नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की जानकारी मिलने पर नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया था।





अपने वादे के मुताबिक, विधायक ऋषि त्रिपाठी मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे एसडीएम नौतनवा कुणाल के साथ महुअवा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक प्रिंस वर्मा के परिवार को और मोनू साहनी के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।

प्रिंस वर्मा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मृत्यु से परिवार को गहरा सदमा लगा है। वहीँ मोनू साहनी की 14 वर्ष की अल्पायु में हुई मृत्यु से उसका परिवार भी सदमे में है। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

इस दौरान नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, तहसीलदार नौतनवा कण सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।