Maharajganj News : थाई महिला के पास आखिर कैसे पहुंचे भारतीय दस्तावेज? सोनौली बॉर्डर पर जांच एजेंसियां अलर्ट

    18-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर आव्रजन विभाग की सतर्कता से थाईलैंड की एक महिला को हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान महिला के पास कथित तौर पर संदिग्ध भारतीय दस्तावेज मिलने के बाद उसे सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस महिला से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।

सोमवार शाम सोनौली सीमा पर आव्रजन विभाग की टीम यात्रियों के दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रही एक विदेशी महिला जांच के लिए पहुंची। उसने अधिकारियों के सामने अपना पासपोर्ट और वीजा दिखाया, लेकिन उसकी भाषा और बातचीत के तरीके को लेकर अधिकारियों को शक हुआ।

इसके बाद महिला से पूछताछ और उसके दस्तावेजों की गहन जांच की गई। महिला ने अपना नाम चोन यूतिचिरफ्त बताया और खुद को थाईलैंड का निवासी बताया। जांच में उसके पास मौजूद कुछ भारतीय दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। इसके बाद आव्रजन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि महिला पहले कई बार भारत आ चुकी है। वह नेपाल के रास्ते वृंदावन और मथुरा भी जाती रही है। बताया जा रहा है कि थाईलैंड में महिला का कपड़ों का कारोबार है।

अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला के पास भारतीय दस्तावेज कहां से आए, उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं।

सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।