Gorakhpur News : खुदकुशी से पहले बंदी के साथ क्या हुआ था? सस्पेंड जेलर के आरोपों ने बढ़ाई जांच की पेचीदगी

    19-Aug-2026   
Total Views |

गोरखपुर।
जिला जेल में 17 जुलाई को बंदी शौकत अफरोज उर्फ राजू की खुदकुशी के मामले में अब नया विवाद खड़ा हो गया है। निलंबित जेलर ने शिकायत में दावा किया है कि मौत से कुछ समय पहले बंदी को डिप्टी जेलर ने चक्र कार्यालय में बुलाकर कथित तौर पर टॉर्चर किया था। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज और अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल भी किया गया।

निलंबित जेलर ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि जांच के दौरान इन तथ्यों को सामने नहीं लाया गया। उन्होंने मांग की है कि बंदी और डिप्टी जेलर के बीच हुई कथित मुलाकात की गहन जांच कराई जाए।

गौरतलब है कि शौकत अफरोज उर्फ राजू जेल में बंद था। 17 जुलाई को उसने जेल के अंदर ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और बंदी की मौत से पहले की गतिविधियों को लेकर सवाल उठे थे। अब निलंबित जेलर की ओर से लगाए गए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

निलंबित जेलर ने मांग की है कि बंदी की खुदकुशी से पहले डिप्टी जेलर के साथ हुई उसकी मुलाकात और वहां हुए व्यवहार की भी जांच की जाए। इसके लिए जेल में तैनात अधिकारियों के साथ-साथ उन बंदियों से भी पूछताछ कराने की उन्होंने मांग की है, जिन्हें घटना या उससे पहले की गतिविधियों की जानकारी हो सकती है। जेलर ने यह भी सवाल उठाया है कि जांच के दौरान कौन-कौन अधिकारी मौके पर या संबंधित प्रक्रिया में मौजूद थे, इसकी भी पड़ताल होनी चाहिए।


डीआईजी जेल शैलेन्द्र महात्रे ने कहा कि जेल में किसी घटना के बाद जेलर का बयान लिया जाता है और रिपोर्ट जेल अधीक्षक को दी जाती है। दोनों घटनाओं के समय वह जेल में ही मौजूद थे। मेरी जानकारी में उस समय उन्होंने कोई प्रतिकूल बयान नहीं दिया था। दोनों प्रकरणों की जांच अलग-अलग फोरम पर चल रही है, उचित फोरम पर उन्हें अपना पक्ष रखना चाहिए। जहां तक माननीय मंत्री की बात है, डिप्टी जेलर के संबंध में उनके पास दो शिकायतें आई थीं।

निलंबित जेलर ने 31 जुलाई को बंदी विपिन की फरारी के मामले का भी शिकायत में उल्लेख किया है। पत्र में डिप्टी जेलर पर फरारी की घटना पर कथित तौर पर खुशी जाहिर करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जेल निरीक्षण के दौरान डिप्टी जेलर के खिलाफ शिकायतें सामने आई थीं और जांच के निर्देश दिए गए थे। अब बंदी की मौत से पहले हुई कथित घटनाओं और लगाए गए आरोपों की जांच पर सबकी नजर है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।