महराजगंज। नगर पालिका क्षेत्र के 25 वार्डों में अब घर-घर पेयजल पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। अमृत 2.0 योजना के तहत करीब 47 करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाई जा रही है। योजना पूरी होने के बाद नगर की करीब 59 हजार आबादी को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
योजना के तहत नगर के चार स्थानों पर वाटर हेड टैंक का भी निर्माण कराया जा रहा है। अमरुतिया, लोहिया नगर, मंगलपुर और चिऊरहा में पानी की टंकियां बनाई जाएंगी। कार्यदायी संस्था जल निगम है।
इन टंकियों में पानी का भंडारण कर पाइपलाइन के माध्यम से अलग-अलग वार्डों और घरों तक आपूर्ति की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक टंकी में करीब 1200 से 1800 किलोलीटर तक पानी के भंडारण की व्यवस्था रहेगी। इससे नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर और व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
अमृत 2.0 योजना के तहत होने वाले इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। गोरखपुर की विंध्यवासिनी फर्म को कार्य कराने की जिम्मेदारी मिली है। फर्म की ओर से जुलाई माह से पाइपलाइन बिछाने और योजना से जुड़े अन्य कार्यों की शुरुआत कर दी गई है। चरणबद्ध तरीके से नगर के विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
पूरी योजना का निर्माण कार्य जल निगम की देखरेख में कराया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद पेयजल व्यवस्था नगर पालिका को हस्तांतरित कर दी जाएगी। इसके बाद नगर पालिका की जिम्मेदारी होगी कि वाटर हेड टैंक और पाइपलाइन के माध्यम से लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।