कोल्हुई। कोल्हुई थाना क्षेत्र के रायपुर पंडित गांव के बाहर बुधवार दोपहर नहर में करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। मृतक की पहचान गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरवा निवासी अमरजीत पुत्र बैजनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अमरजीत की ससुराल रायपुर पंडित गांव में है। उसकी पत्नी सोनी हरिजन ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और शराब पीकर नशे में अक्सर झगड़ा करता था। इसी वजह से वह करीब एक माह पहले गोरखपुर से अपने मायके रायपुर पंडित चली आई थी।
बताया गया कि 18 अगस्त की रात करीब आठ बजे अमरजीत शराब के नशे में पत्नी के मायके पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। लोगों के समझाने के बाद वह वहां से चला गया। अगले दिन गांव के बाहर नहर में उसका शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। युवक नहर तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस जांच में एक अहम सुराग भी सामने आया है। शव मिलने से कुछ समय पहले नहर की पुलिया पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली थी। पुरंदरपुर पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया था। जांच के बाद उसकी पहचान अमरजीत की बाइक के रूप में हुई।
अब पुलिस बाइक के नहर तक पहुंचने और युवक की मौत के बीच कड़ी तलाश रही है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।