Maharajganj News : अब नहीं भटकना पड़ेगा शौचालय के लिए, महराजगंज के इन चार वार्डों में बन रहे 5 नए शौचालय

    20-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। शहरवासियों को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने चार वार्डों में पांच नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण शुरू कराया है। इन पर 50 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। पालिका की योजना सितंबर के पहले सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा कराकर शौचालयों का शुभारंभ कराने की है।

जानकारी के अनुसार, नगर में सार्वजनिक शौचालयों की कमी को देखते हुए पालिका की ओर से यह पहल की गई है। 15वें वित्त आयोग की धनराशि से कराए जा रहे निर्माण कार्य के तहत साहूजी महाराज नगर वार्ड में दो सार्वजनिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा वीर अब्दुल हमीद नगर, अमरुतिया और महुअवा वार्ड में एक-एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इस तरह चार वार्डों में कुल पांच सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण होगा।

प्रत्येक सार्वजनिक शौचालय के निर्माण पर 10 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जा रही है। पालिका की ओर से निर्माण स्थल पर कार्य शुरू करा दिया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर संबंधित अधिकारियों को भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका का लक्ष्य सितंबर माह के पहले सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा कराकर लोगों को सुविधा उपलब्ध कराना है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में सार्वजनिक शौचालयों की कमी महसूस की जा रही थी। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग से यह निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह तक निर्माण पूरा कराकर शौचालयों को जनता के लिए शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।