UP News : नेपाल ले जाने की फिराक में 56 बोरी यूरिया खाद! सीमा पर SSB की कार्रवाई, दो पकड़े गए

    20-Aug-2026   
Total Views |

सिद्धार्थनगर। भारत से नेपाल की ओर अवैध तरीके से ले जाई जा रही 56 बोरी यूरिया खाद को 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की बाणगंगा सीमा चौकी की नाका पार्टी ने बरामद कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो पिकअप और एक टेम्पो के साथ दो लोगों को भी पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, विशेष नाका पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 557 से करीब 900 मीटर तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 900 मीटर अंदर तैनात थी। इसी दौरान एक बोलेरो पिकअप और एक टेम्पो अनधिकृत रास्ते से भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। नाका पार्टी ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की।

जांच के दौरान दोनों वाहनों में एक-एक चालक सवार मिला। वाहनों से कुल 56 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। पूछताछ में खाद को नेपाल में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जाने की बात सामने आई। दोनों व्यक्तियों से खाद से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने अपना पता ग्राम डोहरिया खुर्द, पोस्ट इटवा भाट, थाना शोहरतगढ़, जिला सिद्धार्थनगर बताया।

इसके बाद सशस्त्र सीमा बल की टीम ने 56 बोरी यूरिया खाद, एक बोलेरो पिकअप और एक टेम्पो समेत दोनों व्यक्तियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस चौकी खुनवा को सुपुर्द कर दिया।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।