महराजगंज। थाना क्षेत्र के रायपुर पंडित गांव में बुधवार को नाले में मिले युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद उसकी मौत की वजह साफ हो गई है। रिपोर्ट में युवक की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घोषीपुरवा निवासी अमरजीत भारती अपने ससुराल रायपुर पंडित गांव आया हुआ था। बुधवार को गांव के पास स्थित नाले में उसका शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची कोल्हुई थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मौत का कारण पानी में डूबना बताया है। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच-पड़ताल कर रही है।