परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामला 19 अगस्त का है। किशोरी की मां ने थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि बैजौली निवासी नसीम उसकी बेटी को शादी करने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। शिकायत में नसीम के पिता सुकुरुद्दीन पर भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की नाबालिग है। वहीं नाबालिग पीड़िता ने अपने बयान में आरोपी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाकर आरोपी नसीम, निवासी बैजौली, थाना श्यामदेउरवा को गिरफ्तार कर लिया।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।